देहरादून/ मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर के साथ ही पिथौरागढ़ में बिजली चमकने और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के पर्वतीय जिलों में बर्फबारी का असर निचले इलाकों में भी दिखाई देगा। देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सोमवार को राज्य में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहे। केदारनाथ धाम में हल्की बर्फबारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ विक्रम सिंह के मुताबिक मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 3000 मीटर से अधिक वाले क्षेत्र में बर्फबारी और पांच जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। बुधवार और गुरुवार को मौसम शुष्क रहेगा।
सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 24.8 और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 10.6 और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। टिहरी का अधिकतम तापमान 14.8 और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा।