चमोली/ भी बैकुंठ-धाम भगवान बद्रीविशाल के कपाट गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर पूरे विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ग्रीष्मकाल के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम “जय बद्री विशाल” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इस पावन अवसर पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और देश की उन्नति की कामना की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि “बद्रीनाथ धाम की यह पवित्र यात्रा हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक है। भगवान बद्री विशाल की कृपा से उत्तराखण्ड सहित पूरे देश में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
चारधाम यात्रा राज्य की आर्थिकी को भी मजबूती देती है और यह हम सभी के लिए गौरव का विषय है। कपाट खुलने के साथ ही हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया इसके साथ ही उत्तराखंड में पूरी तरह से चार धाम यात्रा का आगाज हो गया है।।