देहरादून/ उत्तराखंड में इस साल मानसून के अपने तय समय से पहले दस्तक देने के आसार बन रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 13 मई 2025 को अपने पहले पड़ाव अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में दस्तक दे दी है। यह बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के दक्षिणी हिस्सों में सक्रिय हो चुका है। निकोबार द्वीप समूह में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश दर्ज की गई है आईएमडी का अनुमान है कि मानसून 27 मई 2025 को केरल तट पर पहुंचेगा जो सामान्य तिथि 1 जून से पांच दिन पहले है। यह 2009 के बाद पहला मौका होगा जब मानसून इतनी जल्दी केरल में दस्तक देगा।
केरल में मानसून की शुरुआत देश में मानसून के आगमन का आधिकारिक संकेत माना जाता है। उत्तराखंड में कब होगी मानसून की एंट्री
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तराखंड में भी मानसून की दस्तक जल्द होने वाली है में 15 से 20 जून के बीच मानसून दस्तक दे सकता है। इस बार मानसून सीजन में सामान्य से अधिक बारिश होने के आसार बन रहे हैं।
इसके साथ ही प्री मानसून की बारिश और ओलावृष्टि भी सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
आज के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ विक्रम सिंह ने मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि आज 19 मई सोमवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है वहीं राज्य के टिहरी, देहरादून, पौडी, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल जनपदों के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इसके साथ ही उधम सिंह नगर, हरिद्वार जनपदों के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश होने की सम्भावना है। डॉ सिंह ने बताया कि उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी, चमोली रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि होने की संभावना है, पर्वतीय जिलों में वर्षा के तीव्र दौर देखने के लिए मिलेगा, इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 40 से 50 कि. मी./घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाए चलने की संभावना है हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलो में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही 40-50 कि. मी./घंटा झोकेदार हवाए चलने की संभावना है।
तापमान की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज देहरादून का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस
और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के लगभग रहने की संभावना है। वहीं रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा नई टिहरी का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।