बद्रीनाथ धाम में बर्फबारी ने बढ़ाई ठिठुरन, सितंबर में लोग लिपटें गर्म कपड़ों से।

न्यूज 13 प्रतिनिधि अरुण मिश्रा चमोली

चमोली/ पर्वतीय जिलों में मानसूनी की बारिश का सिलसिला जहां थमने का नाम नहीं ले रहा वहीं अब उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के बीच चमोली जिले के सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ और आसपास के क्षेत्रों में ठंड ने वक्त से पहले दस्तक दी है। देर रात से लगातार हो रही झमाझम बारिश और पहाड़ी चोटियों पर बर्फबारी ने वातावरण को ठंडा बना दिया है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों के मुताबिक बद्रीनाथ धाम से लेकर ज्योतिर्मठ तक ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी सहित इन शहरों के लिए रेड अलर्ट अगले 24 घंटे भारी बारिश की संभावना।

बद्रीनाथ के होटल कारोबारियों ने बताया कि धाम की ऊंची चोटियों में देर रात से बर्फबारी जारी है जिससे तापमान में अचानक गिरावट आ गई है। मौसम ठंडा होते ही लोग जैकेट और स्वेटर में लिपटे नजर आ रहे हैं।

बद्रीनाथ धाम की ऊंचाई वाली चोटियों में भारी हिमपात

वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार मानसूनी बारिश के साथ-साथ वेस्टर्न डिस्टर्बेस का भी असर देखा जा रहा है जिसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन का पहला हिमपात दर्ज किया गया है। चिनाप वैली, कागभुशंडी क्षेत्र, नीलकंठ पर्वत, नर-नारायण, कुबेर पर्वत, माणा घाटी और सतोपंत जैसे क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है।

यह भी पढ़ें 👉 यहां चलती कार पर गिरा भारी-भरकम बोल्डर।

इससे न केवल धाम का तापमान लुढ़का है बल्कि चारों ओर शीतलहर का असर भी दिखाई देने लगा है।

 सितंबर महीने में सर्दियों का एहसास

सीमांत क्षेत्रों के लोग बताते हैं कि आमतौर पर अक्टूबर-नवंबर में बर्फबारी और ठंडक बढ़ती है परन्तु इस बार सितंबर महीने में ही हालात बदल गए हैं। ज्योतिर्मठ और बद्रीनाथ धाम में स्थानीय लोग अब गर्म कपड़े और ऊनी जैकेट निकालने लगे हैं। दुकानों पर भी सर्दियों से जुड़े सामान की मांग बढ़ने लगी है।

 बद्रीनाथ धाम में दर्शनार्थियों की बढ़ी मुश्किलें

बर्फबारी और लगातार बारिश के कारण धाम पहुंचे श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जहां ठंड के चलते लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है वहीं दूसरी ओर लगातार बारिश ने रास्तों को फिसलन भरा बना दिया है।

यह भी पढ़ें 👉 चमोली, घास लेने गई महिला को भालू ने बनाया अपना निवाला।

बद्रीनाथ क्षेत्र में होटल व्यवसायियों के मुताबिक इस मौसम ने पर्यटकों की संख्या पर भी असर डाला है।

 चमोली प्रशासन अलर्ट मोड में

प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को अलर्ट रहने को कहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जा रही है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की अपील की गई है। पहाड़ों पर जारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने यह साफ कर दिया है कि इस बार सर्दी समय से पहले दस्तक दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *