बद्रीनाथ मंदिर से चढ़ावा चोरी करने वाला आरोपी प्रमोद नौटियाल को एसआईटी ने लिया हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज ने खोले कई राज।

न्यूज 13 प्रतिनिधि अरुण मिश्रा चमोली

चमोली/ उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने रविवार देर रात लगभग 11 बजे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ लाया गया है इस मामले में पहले ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

सीसीटीवी फुटेज में नोटों की गड्डी ले जाते दिखा आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने 25 जून 29 जून और 2 जुलाई को चढ़ावे की गणना के वक्त की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच की।

यह भी पढ़ें 👉 8वीं वाहिनी आईटीबीपी में “हैप्पी आवर्स” के अंतर्गत भव्य सांस्कृतिक संध्या का हुआ आयोजन।

रविवार को 25 जून की फुटेज खंगालने पर आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिखाई दिया। इस महत्वपूर्ण साक्ष्य के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी जिसके बाद आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया।

चढ़ावे में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बदरीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान के रखरखाव और जमा प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर जांच शुरू की गई थी।

यह भी पढ़ें 👉 उत्तराखंड में यहां मौत बनकर दौड़ी तेज़ रफ़्तार अनियंत्रित स्कार्पियो 4 दोस्तों को रौंदा चारों की हुई दर्दनाक मौत।

प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था।

बीकेटीसी से मांगे गए रिकॉर्ड,
कर्मचारियों से पूछताछ

पुलिस ने बदरी-केदार मंदिर समिति से मामले की आंतरिक जांच रिपोर्ट रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। रविवार को जांच टीम ने बीकेटीसी के कई कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक 2 जुलाई को चढ़ावे की गणना के बीच आरोपी प्रमोद नौटियाल सहित 12 से अधिक लोग गणना कक्ष में मौजूद थे। इनमें कुछ स्थानीय साधु-संत भी शामिल थे जो वर्षों से चढ़ावे की गणना प्रक्रिया का हिस्सा रहे हैं। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है।

अन्य लोगों की भूमिका की भी होगी जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि इस कथित हेराफेरी में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉 कोटद्वार, लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग को लेकर बीजेपी कांग्रेस आमने-सामने दोनों ओर से श्रेय लेने की मची होड़।

इसके साथ ही वित्तीय लेनदेन दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

तीन चरणों में होती है मंदिर के चढ़ावे की गणना

पुलिस के मुताबिक बदरीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गणना सामान्यतः तीन से चार दिन के अंतराल पर की जाती है। जांच के दायरे में 25 जून 29 जून और 2 जुलाई को हुई चढ़ावे की गणना शामिल है। इन तीनों दिनों की सीसीटीवी फुटेज और संबंधित रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *