नैनीताल/ रामनगर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर स्थित बेलगढ़ नाले में अचानक पानी का स्तर बढ़ने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक तेज बहाव के बीच एक कार नाले में बह गई। गनीमत रही कि कार चालक सुरक्षित बाहर निकल आया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी रामनगर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तेज बहाव और पानी से ढके सड़क मार्ग के कारण चालक को रास्ता समझ नहीं आया और वाहन सीधा नाले में चला गया।
स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि बरसात के दौरान बेलगढ़ नाले जैसे संवेदनशील स्थानों पर सावधानी बरतें और पानी के तेज बहाव में जोखिम न उठाए।