टिहरी/ उत्तराखंड में एक बड़ा हादसा हुआ है मंगलवार 4 नवंबर को अलकनंदा नदी में एक महिला और उन्हें बचाने गए शख्स के बह जाने का हादसा सामने आया। यह घटना टिहरी जिले के कीर्तिनगर क्षेत्र में ढूंढ प्रयाग घाट पर पूजा करते वक्त हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पौड़ी जिले के पाबौ विकास खंड के जबरौली गांव के लगभग 15-16 श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए ढूंढ प्रयाग आए थे। पूजा समाप्त होने के बाद श्रद्धालु नदी में स्नान कर रहे थे।
इसी बीच दोपहर लगभग 12:15 बजे आशा देवी अचानक फिसलकर नदी के गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव में बहने लगी। महिला को बचाने के लिए जसवंत सिंह भी नदी में उतरे परन्तु वे भी तेज धारा में फंस गए। देखते ही देखते दोनों पानी में ओझल हो गए जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी कीर्तिनगर थाने की टीम और बाद में श्रीनगर से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों लोगों की खोजबीन शुरू कर दी।
लेकिन तेज जलधारा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अब तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिला प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तरह सक्रिय है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों पूजा के बाद स्नान कर रहे थे और अचानक गहरे पानी में चले गए।