नैनीताल/ जिले में राजनीतिक भूचाल की बात करें तो इस वक्त नैनीताल और रामनगर के ऊपर घनघोर राजनीतिक बादलों का डेरा नजर आ रहा है। हालांकि नैनीताल जिले के रामगढ़ में नथुआखान के समीप पिछले दिनों ही राजनीतिक बादल भयंकर रूप से फट चुका है। पूर्व ब्लाक प्रमुख लखन सिंह नेगी को जिला प्रशासन के स्तर से एक फोन जाने के बाद रामगढ़ के आकाश में धीरे-धीरे बादलों का डेरा उसी रात बनने लगा था जिस रात फोन पहुंचा। और सुबह होते-होते प्रशासन की टीम के पहुंचने से पहले ही बादलों ने पूरे नथुआ खान क्षेत्र को भयंकर तरीके से घेर लिया। उसके बाद लाखन सिंह नेगी के शब्दों से ऐसा बादल फटा कि प्रशासन की टीम को वहां से वापस लौटना पड़ा। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद की दावेदारी में लाखन सिंह नेगी की पत्नी मंजू नेगी का यह एक प्रवेश ऐसा था जिसकी परिणति इस बादल फटने के रूप में सामने आई जिसे प्रोत्साहित किया था उस वक्त जिला प्रशासन ने।
आज सोमवार को मौसम राजनीतिक जानकार कह रहे हैं कि नथुआखान के आकाश में फिर गरजते बादलों का डेरा है क्योंकि वहां आज जिला प्रशासन की टीम लाखन सिंह नेगी के निर्माणाधीन स्कूल का जायजा और नाप जोख करने के लिए पहुंचने वाली है। दूसरी ओर आज ही जिला पंचायत और विकास खंड प्रमुख पदों पर नामांकन करने का दिन है जहां राजनीतिक रूप से बादल उमड़ घुमड़ कर रहे हैं। एक ओर स्कूल की पैमाइश और दूसरी ओर नामांकन जैसी बड़ी जिम्मेदारी और शक्ति प्रदर्शन का काम। अब यह दोनों चीज किस तरीके से मैनेज हो पाती हैं और कहां कैसी राजनीतिक बरसात होती है यह देखना अभी बाकी है। राजनीतिक मानसून के पंडितों के अनुसार आज का दिन नैनीताल की राजनीति में अहम हलचल मचाने वाला है और यहां जबरदस्त राजनीतिक बारिश रामनगर से लेकर नैनीताल तक होने वाली है।
राजनीतिक मानसून के पंडितों के अनुसार नैनीताल जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष के पद में कांग्रेस के लखन सिंह नेगी को दावेदार बनाने के बाद वहां ब्लॉक प्रमुख पद को लेकर भी एक छोटा सा तूफान आने की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसा इसलिए कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों में लाखन सिंह नेगी की पैठ मजबूत मानी जा रही है और उन्होंने बीडीसी मेंबर्स के रूप में सारे बादलों को इकट्ठा करके ब्लॉक प्रमुख के पद पर भी बरसाने की तैयारी कर ली है। बात अगर रामनगर के राजनीतिक मानसून की करें तो रामनगर में राजनीति के आकाश में पिछले कई दिनों से संजय नेगी और उनके समर्थकों के रूप में बादलों का डेरा जमा हुआ है।
राजनीतिक मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक आज इन बादलों के बरसने की पूरी संभावना है। हालांकि संजय नेगी बीजेपी के संपर्क में तो बताए जा रहे हैं लेकिन इसकी परिणीति किस रूप में होगी यह अभी सामने नहीं आ पा रहा है और आज जब संजय नेगी निर्दलीय रूप से अपना पर्चा नामांकन दाखिल करेंगे उसके बाद से राजनीतिक मानसून की स्थिति काफी हद तक साफ हो जाएगी। कई दिनों से इस बादल के बरसाने की बात तो सामने आ रही थी लेकिन अभी फिलहाल शांत रूप से बादल बरसने के मूड में नहीं है और यह किसी जबरदस्त बरसात से ठीक पहले का जैसा माहौल बन रहा है। इन बादलों की उमड़ घुमड़ के बीच फिलहाल रामनगर के वर्तमान विधायक दीवान सिंह बिष्ट की पुत्रवधू के कहीं भी छीटे गिरते हुए नहीं दिखाई दे रहे हैं। बहरहाल नैनीताल जिले में आज दोपहर तक जबरदस्त राजनीतिक बारिश की मौसम विज्ञानियों की चेतावनी है।