देहरादून/ उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट चार पर्वतीय जिलों के लिए विशेष सतर्कता की अपील उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने बुधवार को राज्य के चार पर्वतीय जिलों में अधिकांश जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा शेष नौ जिलों में भी गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक गढ़वाल मंडल के देहरादून, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी, और कुमाऊं मंडल के बागेश्वर जिले में भारी बारिश की आशंका है। इन क्षेत्रों में आसमानी बिजली चमकने और बादलों की तेज़ गड़गड़ाहट के साथ भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
राज्य के अन्य 9 जिलों में हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंहनगर और चंपावत शामिल हैं यहां भी गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम से जुड़े अलर्ट पर ध्यान दें और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें ताकि किसी भी तरह की आपदा से बचा जा सके। प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और संभावित संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।