अल्मोड़ा/ अल्मोड़ा अर्बन को-आपरेटिव बैंक लि० की पूर्णतया सी०बी०एस०, आईएमपीएस (क्रेडिट), आर०टी०जी०एस० तथा एन०ई०एफ०टी आदि सुविधायुक्त 65 वीं शाखा भराड़ी, जिला बागेश्वर का शुभारमभ गीता ऐंठानी, नगर पंचायत अध्यक्ष, भराड़ी जिला बागेश्वर के कर कमलों से सम्पन्न हुआ।
उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए गीता ऐंठानी ने अल्मोड़ा अर्बन को-आपरेटिव बैंक लि० के कार्यव्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि बैंक नित प्रगति के नये आयामों को छू रहा है, तथा आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की तारीफ करते हुए बैंक द्वारा दिये जा रहे सामाजिक तथा आर्थिक सहयोग की प्रशंसा की। इसके साथ ही बैंक द्वारा नये कर्मचारियों को रोजगार उपलब्ध कराने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आज की बेरोजगारी के दौर में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान कर इस समस्या को एक हद तक कम किया है।
बैंक की 65वीं शाखा के उद्घाटन अवसर पर महाप्रबन्धक भूपाल सिंह मेहता ने समस्त आगंतुकों का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक द्वारा कुल पांच नयी शाखाएँ खोली गयी हैं जिसके पश्चात बैंक की सम्पूर्ण उत्तराखण्ड में 65 शाखाएँ हो गयी हैं, जिससे उत्तराखण्ड के जनसामान्य द्वारा बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाया जा रहा है। महाप्रबन्धक श्री मेहता ने बताया कि वर्तमान में बैंक के 57411 से भी अधिक सम्मानित अंशधारक तथा लगभग 413800 खाताधारक हैं। वर्तमान में बैंक का कुल कार्य व्यवसाय रू 6000.00 करोड़ से अधिक हो गया है, वर्तमान में बैंक का ऋण व्यवसाय लगभग रू 2080.00 करोड़ है जिसमें से प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में 70 प्रतिशत से अधिक ऋण वितरित किया गया है।
साथ ही अवगत कराया कि बैंक द्वारा अपने अंशधारकों को 10 प्रतिशत का लाभांश दिया जा रहा है। बैंक द्वारा उत्तराखण्ड के 700 से अधिक प्रतिभावान बेरोजगार नवयुवकों, नवयुवतियों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार दिया गया है और भविष्य में अधिक लोगों को रोजगार देने की संभावना है। बैंक ने वर्ष 2024-2025 में लगभग ₹ 11.50 करोड़ एडवान्स टैक्स राजकोष में जमा कर राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उद्घाटन के प्रथम दिन लगभग 60 से अधिक नये खाते शाखा में खोले गये तथा रू30 लाख से अधिक के निक्षेप जमा हुए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विकम शाही, विमल ऐंठानी, देवेन्द्र सिंह ऐंठानी, माधव सिंह ऐंठानी, प्रकाश बिष्ट, ओम प्रकाश ऐंठानी, अमरदीप गोस्वामी व शाखा प्रमुख जगदीश सिंह एवं अन्य समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।