नैनीताल/ उत्तराखंड में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। कभी तराई तो कभी पहाड़ी क्षेत्रों से हादसे की दुखद खबर सामने आ रही हैं। ताजा मामला नैनीताल जिले के ज्योलिकोट, आम पड़ाव के समीप का है। यहां शनिवार की रात को एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल को आपदा प्रबंधन नैनीताल द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ज्योलीकोट आमपड़ाव के समीप एक टेम्पो ट्रैवलर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
उक्त सूचना पर एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से सब-इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 15 मीटर नीचे खाई में गिरा हुआ था जिसमें कुल 18 व्यक्ति सवार थे। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए हल्द्वानी अस्पताल भिजवाया गया। दुर्भाग्यवश 2 व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी थी जिनके शवों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया जबकि 1 व्यक्ति लापता हैं जिसकी खोज के प्रयास जारी हैं।