हरिद्वार/ उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कनखल थाना क्षेत्र स्थित गणपति धाम कॉलोनी में शनिवार को एक युवक के साथ कथित तौर पर भीड़ द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती से मिलने पहुंचे युवक को कुछ लोगों ने घर में घुसकर बेरहमी से पीट डाला और उसके गले में कुत्ते को बांधने वाला पट्टा भी डाल दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ से छुड़ाकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। मामले में युवती की शिकायत पर पुलिस ने 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
चार-पांच साल पुरानी दोस्ती मिलने आया था युवक
पुलिस को दी गई तहरीर में गणपति धाम फेस-3 निवासी युवती ने बताया कि उनका परिवार पिछले आठ वर्षों से हरिद्वार में रह रहा है। उनकी हरियाणा के करनाल निवासी शादाब से पिछले चार-पांच वर्षों से दोस्ती है।
शनिवार को शादाब उनसे मिलने उनके घर आया था। युवती का आरोप है कि इसी बीच 10 से 12 अज्ञात लोग जबरन घर में घुस आए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने युवक को गंभीर रूप से पीटा जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने जताया शक फिर बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कॉलोनी में एक अजनबी युवक को घर में जाते देख कुछ लोगों को शक हुआ।
इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। युवक से नाम और पता पूछने के बाद विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि भीड़ ने युवक के गले में कुत्ते को बांधने वाला पट्टा डाल दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद युवती भी थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक युवती की तहरीर के आधार पर 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान करके जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।