पिथौरागढ़/ उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच धारचूला क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है। सुदूरवर्ती ग्राम सभा जुम्मा के कोथिला तोक के जंगल में बकरियां चरा रहे 55 वर्षीय दीवान सिंह की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
दुर्गम क्षेत्र और संचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण घटना की सूचना वक्त पर प्रशासन तक नहीं पहुंच पाई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दीवान सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी कोथिला तोक, रविवार को रोज की तरह पास के जंगल में बकरियां चराने गए थे। इसी बीच अचानक मौसम बिगड़ गया और मूसलाधार बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने लगी।
बताया जा रहा है कि इसी बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दीवान सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। खाजबीन के दौरान जंगल में उनका शव मिला जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और संचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण ग्रामीण तत्काल घटना की सूचना नहीं दे पाए। वहीं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते शव को मुख्य मार्ग तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को रातभर मशक्कत करनी पड़ी। बाद में शव को धारचूला लाया गया जहां पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्रवाई की गई।
दुसरी ओर लगातार बारिश के कारण पिथौरागढ़ जिले में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है और कई सड़कें बंद बताई जा रही हैं। प्रशासन की ओर से बारिश के दौरान लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।