गौचर में भारी बारिश से वार्ड नंबर 6 में घरों में घुसा पानी, स्थानीय निवासियों ने किया स्थाई समाधान की मांग।

न्यूज 13 प्रतिनिधि अरुण मिश्रा चमोली

चमोली/ सावन की पहली तेज बारिश ने गौचर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 में लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण हवाई पट्टी के समीप बने कई आवासीय भवनों में पानी घुस गया, जिससे लोग पूरी रात जागकर अपने घरों की सुरक्षा में जुटे रहे। कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। पहली बारिश से गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज वर्षा ने स्थानीय निवासियों में भय का माहौल भी पैदा कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉 विद्यालय का राजकीयकरण के साथ उच्चिकरण न होने पर ग्रामवासी करेंगे विधानसभा चुनाव का बहिष्कार

स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी की समुचित निकासी नहीं होने से पूरे वार्ड की छतों का वर्षा जल खेतों में एकत्रित होकर तालाब का रूप लेता गया। नगर पालिका द्वारा बनाई गई नालियां भी तेज बारिश के आगे छोटी पड़ गईं। जलभराव इतना अधिक था कि पानी भवनों की पीछे की बाउंड्री दीवारों को पार कर घरों के भीतर पहुंच गया। सुबह नगर पालिका के अवर अभियंता राजीव चौहान ने मौके का निरीक्षण किया और स्थिति से पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी को अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी की स्थायी व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ते आवासीय निर्माण के कारण प्राकृतिक जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे बारिश का पानी खेतों में जमा होकर तालाब जैसी स्थिति बना देता है।

यह भी पढ़ें 👉 हरेला पर्व पर भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ ने किया वृहद वृक्षारोपण

स्थानीय निवासी अनिल कंडारी ने बताया कि रातभर तेज बारिश और आसमानी बिजली के कारण परिवार के लोग सो नहीं पाए। उनका कहना है कि यदि भविष्य में इससे भी अधिक तेज बारिश हुई तो उनके भवनों को गंभीर खतरा हो सकता है। प्रभावित और खतरे की जद में आए भवनों में जगमोहन सिंह मल्ल, बीसा देवी तथा चंद्रमोहन सिंह बिष्ट के आवास प्रमुख रूप से शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से शीघ्र स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *