शिमला/ हिमाचल प्रदेश सोलन जिले के धर्मपुर में एक बेकाबू इनोवा कार ने पेट्रोल पंप के नजदीक पैदल रास्ते में चल रहे नौ लोगों को कुचल डाला। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई है और अन्य चार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस ने बताया यह दुर्घटना मंगलवार सुबह दस बजे कालका शिमला हाईवे के धर्मपुर में हुई। उन्होंने बताया कि एक तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी शिमला की ओर जा रही थी। इस बीच तीव्र मोड़ पर कार चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और हाईवे किनारे चल रहे राहगीरों को कुचल डाला।
हादसे में घायल हुए सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। जहां से दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। अन्य दो को उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान गुड्डू यादव, राजावर्मा, निप्पु निसाद, मोती लाल यादव, सन्नी देवल के रूप में की है। वहीं दुर्घटना को अंजाम देने वाला कार चालक नाम राजेश है जो गडखल तहसील कसौली निवासी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतकों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।