देहरादून/ उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है समूचे राज्य में बादलों ने डेरा डाला हुआ है और कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने देहरादून सहित पांच जिलों के लिए भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। जिसे देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर भी सतर्कता बरती जा रही है।
सोमवार सुबह से ही देहरादून के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में बादलों ने डेरा डाले रखा। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। इससे दिनभर तापमान सामान्य से नीचे रहा। दून का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। अन्य जनपदों के मौसम की स्थिति
ऊधमसिंहनगर में कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हुई अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री रहा।
मुक्तेश्वर में मौसम ठंडा रहा जहां अधिकतम 19.5 और न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी में भी ठंडक बनी रही तापमान 20.2 अधिकतम और 17.1 डिग्री न्यूनतम रहा।
चारधाम यात्रा मार्गों पर बारिश
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बादल छाए रहे और गरज-चमक के साथ अधिकांश जगहों पर बौछारें दर्ज की गईं।
चारधाम यात्रा मार्गों पर हल्की से मध्यम बारिश के कारण सतर्कता जरूरी हो गई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा शेष जनपदों में भी गरज के साथ तेज बौछारें और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
आम जनसामान्य से अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों को ध्यान को ध्यान में रखें।