नैनीताल/ नैनीताल स्थित डी.एफ.ओ. कार्यालय में आग लगने से वहां रखी फाइलें जल कर राख हो गई। ज़ू के ऊपर कार्यालय में लगी आग का प्रथम दृष्टया कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। आई.एफ.एस. आकाश गंगवार का ऑफिस बाल बाल बच गया।
डी.एफ.ओ. ऑफिस को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि सुबह-सुबह लाइट आने के साथ ही संभवतः शार्ट सर्किट से आग लगी होगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रात तेज हवाओं के साथ बारिश होने के कारण कार्यालय बन्द करते वक्त लाइट नहीं थी। सवेरे लाइट आने के साथ ही कहीं शार्ट सर्किट से कागज या लकड़ी ने आग पकड़ ली और वहां रखे दस्तावेज और फाइल जलकर स्वाहा हो गए।
घटनास्थल के नजदीक उप निदेशक प्राणी उद्यान /उप प्रभागीय वनाधिकारी का कार्यालय भी है। डी.एफ.ओ.आकाश गंगवार ने बताया कि इस कार्यालय में मुख्यतः अकाउंट, लैंड ट्रांसफर, स्टैब्लिशमेंट आदि की फाइल्स रखी गई थी। ज्यादा जानकारी तो चैक करने के बाद मिल पाएगी परन्तु फिलहाल जिन कागजों में आग लगी है वो हमारे नैनीताल और देहरादून के कार्यालयों में ऑनलाइन उपलब्ध हैं।