चमोली/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में चमोली जिले में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने के लिए एक विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है। नए पात्र मतदाताओं के नामांकन और मतदाता सूची के पुनः सत्यापन को लेकर बुधवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में निर्वाचन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ मीडिया के लोग भी उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में जिले के प्रत्येक पोलिंग बूथ पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में प्रकाशित मतदाता सूची का गहन निरीक्षण किया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और आम जनता इस सूची का गंभीरता से परीक्षण कर सकते हैं। यदि किसी पात्र एवं वैध मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो उसे नियमानुसार जोड़ने के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके साथ ही, किसी अपात्र या अनावश्यक रूप से दर्ज नाम को हटाने के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुझाव एवं दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी योग्य मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
द्वितीय चरण में 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर सत्यापन बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर जाकर वैध मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घर-घर सत्यापन की कार्रवाई के दौरान मतदाता सूची में नए जोड़े गए नामों की जांच की जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटा हुआ पाया जाता है, तो उसे फॉर्म-6 के माध्यम से तुरंत सूची में जोड़ा जाएगा। इस दौरान बैठक में कॉग्रेस पाटी से मदन लोहानी, आम आदमी पार्टी से अनूप सिंह एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।