देहरादून/ उत्तराखंड के देहरादून जिले में विकासनगर के हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रही एक बोलेरो जीप धमोग मंदिर से पहले अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में चालक सहित सात लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतकों में दो साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक बोलेरो वाहन हिमाचल प्रदेश की ओर से विकासनगर आ रहा था। हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर से पहले चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा जिसके बाद जीप सड़क से नीचे खाई में जा समाई।
हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल पांच लोगों का ईलाज किया जा रहा है।
हादसे में दो साल की बच्ची सहित दो की मौत
पुलिस के मुताबिक हादसे में राधिका उम्र 2 वर्ष पुत्री डमर और नरबहादुर उम्र 56 वर्ष पुत्र गंगा बहादुर की मौत हुई है। दोनों नेपाल के अछाम जिले के निवासी बताए गए हैं। घायलों में बोलेरो चालक चमन लाल उम्र 45 वर्ष निवासी चडगांव, शिमला हिमाचल प्रदेश डमर उम्र 32 वर्ष निवासी अछाम,
निशा उम्र 14 वर्ष निवासी कंचनपुर, अछाम, उर्मिला उम्र 30 वर्ष पत्नी डमर और प्रदीप उम्र 5 वर्ष पुत्र डमर शामिल हैं।
हिमाचल में काम खत्म कर नेपाल लौट रहे थे सभी लोग
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाली मजदूर थे। वे हिमाचल प्रदेश में काम खत्म करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक हिमाचल से विकासनगर आ रही बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।