अल्मोड़ा/ उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला भतरौजखान थाना क्षेत्र से सामने आया है जहां चमडखान सौनी मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा समाई। इस हृदयविदारक दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार 7 मई की सुबह डायल 112 के माध्यम से थाना भातरौजखान पुलिस को घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना देने वाले व्यक्ति ने बताया कि सड़क पर वाहन संख्या UK-04F- 6683 की नंबर प्लेट और एक घायल व्यक्ति पड़ा हुआ है।
जबकि कोई वाहन दिखाई नहीं दे रहा है। इसी आधार पर वाहन के गहरी खाई में गिरने की आशंका जताई गई।सूचना मिलते ही थाना भतरौजखान पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। रेस्क्यू अभियान में सहायता के लिए राजस्व विभाग, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और 108 सेवा की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। राहत बचाव दल जब खाई में उतरा तो वहां वाहन के परखच्चे उड़े हुए थे और तीन लोगों के शव बरामद किए गए।पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच और शिनाख्त में मृतकों की पहचान ग्राम सनेटी, रानीखेत निवासी भुवन पुत्र दीवान राम और ग्राम दौड़ाखाल, रानीखेत निवासी 32 वर्षीय कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास अभी पुलिस द्वारा किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार हादसे के शिकार हुए लोग पेशे से जागर लगाने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार की पूरी रात ग्राम चमोली पुसौला में जागर लगाने के बाद ये तीनों अपने घर की ओर वापस लौट रहे थे परन्तु घर पहुँचने से पहले ही काल ने उन्हें अपना ग्रास बना लिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत मोर्चरी भिजवा दिया है। इस घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।