पिथौरागढ़/ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता योगी कन्याल ने विधायक बिशन सिंह चुफाल को उनकी 30 साल की राजनीतिक उपलब्धियों पर सवाल उठाकर चर्चा का केंद्र बना दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा की मौजूदगी में हुई इस तीखी नोकझोंक ने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी।
योगी कन्याल ने विधायक से तीखे अंदाज में सवाल किया जहां आपकी गाड़ी खड़ी रहती है वहां एक बड़ा गड्डा बना हुआ है। अगर आपको वो नहीं दिखाई दिया तो और क्या आपको नजर आएगा उन्होंने आगे कहा मैं 2017 से आपके साथ हूं। आपने इन सालों में क्या किया उस वक्त जो वादे किए थे आज भी वही वादे दोहराए जा रहे हैं।
कन्याल के इस सवाल ने न केवल विधायक की उपलब्धियों पर सवाल खड़े किए बल्कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति पर भी चर्चा को जन्म दे दिया। इस घटना ने स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच नेताओं की जवाबदेही को लेकर बहस छेड़ दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की खुली बहस से नेताओं पर जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ेगा। हालांकि इस मामले में विधायक की ओर से कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है।