उत्तरकाशी/ उत्तराखंड से एक बार फिर एक अमानवीय घटना प्रकाश में आई है जिसने आम जनमानस में आक्रोश की लहर दौड़ा दी है। उत्तरकाशी ज़िला मुख्यालय में एक रेस्टोरेंट में कार्यरत युवक का तंदूरी रोटी पर थूकने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। वीडियो में दिखाई दे रहा युवक एक विशेष समुदाय से संबंधित बताया जा रहा है रोटी बनाते वक्त जानबूझकर उस पर थूकता हुआ दिखाई दे रहा है।
वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क उठा। गुरुवार दोपहर हिंदू संगठनों से जुड़े युवाओं ने इस घटना के विरोध में ज़िला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने मंडी सहित शहर के अधिकांश बाजारों को बंद करवा दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय निवासियों के साथ अलग-अलग धार्मिक संगठनों ने भी इस कृत्य की कड़ी निंदा की है और इसे ज़िले की शांतिपूर्ण छवि को धूमिल करने वाला बताया है।
पुलिस ने वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद संबंधित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।