हल्द्वानी/ मीरा मार्ग बाजार में मंगलवार की रात लगभग 10:30 बजे अचानक प्रखर होटल के समीप स्थित वैशाली एंपोरियम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरी दुकान धू-धू कर जलने लगी।
आसपास रहने वाले लोगों ने जैसे ही आग की भनक पाई तो सभी अपने-अपने घरों से पानी लेकर मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पाया। बताया जा रहा है कि अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।
दुकान के स्वामी प्रमोद गुप्ता भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। आग लगने के कारणों का भी अभी पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।