देहरादून/ उत्तराखंड में दिनों-दिन गुलदार का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीते गुरुवार देर शाम एक बच्ची अपने आंगन में खेल रही थी। इसी बीच एक गुलदार उस पर झपट गया लेकिन उनके पालतू कुत्ते ने गुलदार पर हमला बोल दिया।
गुलदार ने बच्ची को तो छोड़ दिया परन्तु कुत्ते की मौत हो गई।
11 साल की बच्ची पर झपटे गुलदार से भिड़ा पालतू कुत्ता
गुरूवार को ग्राम पंचायत मारखम ग्रांट के बुल्लावाला में देर शाम 11 साल की एक बच्ची अपने आंगन में खेल रही थी। इसी बीच अचानक कहीं से वहां गुलदार आ गया और उसकी ओर झपटा।परन्तु इसी बीच वहां मौजूद उनके पालतू कुत्ते ने गुलदार पर हमला बोल दिया। कुत्ते के हमले के कारण गुलदार ने बच्ची को तो छोड़ दिया लेकिन कुत्ते को अपना निवाला बना लिया। इस प्रकार कुत्ते ने मासूम की जान बचा कर अपनी वफादारी का सबूत दिया।
आए दिन गुलदार के आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल क्षेत्र में आए दिन गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। कभी घरों के आंगन में तो कभी घरों के आस-पास गुलदार को देखा जा रहा है। आबादी क्षेत्र में लगातार राजा जी टाइगर रिजर्व से गुलदार आने के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले में वन विभाग निष्क्रिय बना हुआ है।
लगातार गांव में आ रहे गुलदार के मामले को वन विभाग गंभीरता से नहीं ले रहा है और ना ही इस ओर कोई ध्यान दे रहा है।वन विभाग की लापरवाही से कभी भी कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है जिसमें जनहानि भी हो सकती है। गांव वालों का कहना है कि अब तक किसी भी वन विभाग के अधिकारी ने आकर यहां निरीक्षण तक नहीं किया है।