पिथौरागढ़/ जौलजीबी मेले के शुभारंभ पर लोक संस्कृति भारत-नेपाल के रिश्तों के साथ ही भ्रष्टाचार का मुद्दा भी जमकर छाया रहा। शुक्रवार को विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री के सामने ही मंच से मुनस्यारी विकासखंड में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया उन्होंने कहा कि अगर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो वे आगामी विधानसभा सत्र के दौरान आमरण अनशन के साथ ही आत्मदाह करेंगे।
जौलजीबी मेले में विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद विधायक धामी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने धारचूला विधानसभा के लिए करोड़ों रुपयों की घोषणाएं की हैं परन्तु दुर्भाग्य है कि काम करने वाले लोगों ने 80-80 लाख के कार्यों को दस लाख में निपटा दिया हैं।
कहा कि जांच कमेटी के एक जेई को भी अन्यत्र भेज दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की जांच करने जेई को वापस मुनस्यारी में तैनात करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने डीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।