देहरादून/ इस वक्त देश के अधिकतर राज्यों में मॉनसून सक्रिय है मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में बारिश के आसार जताए हैं। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भी आज बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आज कैसा रहेगा देशभर में मौसम दिल्ली में कुछ दिनों से रोजाना बारिश हो रही है। आज भी दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश का अनुमान है। ऐसे में कुछ दिनों से राजधानी में फिर से उमस बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। वहीं दूसरी ओर राजस्थान में मानसून की सक्रियता के चलते रविवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। जयपुर, कोटा, और पाली जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 5-7 दिन तक पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्से में बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, कोटा, उदयपुर,अजमेर व जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में आने वाले 2-3 दिनों में बादल झमाझम बरस सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में भी बारिश फिर से शुरू हो गई है। बीते कुछ दिनों से यूपी के कुछ जिलों में उमस बढ़ गई थी लेकिन आज से फिर प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जुलाई को पश्चिमी व पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में गरज, चमक के साथ बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही 31 जुलाई को पश्चिमी यूपी में लगभग सभी जगहों पर बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में उफान पर नदियां
मध्य प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश हो रही है जिसके चलते यहां नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बांधों में पानी बढ़ने के कारण उनके गेट खोलने पड़ रहे हैं जिसकी वजह से निचली बस्तियों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे में अशोकनगर, सागर, दमोह, रायसेन, नरसिंहपुर, भिंड, श्योपुर कलां, मुरैना, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, पांढुर्ना पेंच, दक्षिण छिंदवाड़ा, दक्षिण सिवनी, नीमच, मंदसौर, गुना, निवाड़ी में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हो सकती है। छतरपुर के साथ-साथ छिंदवाड़ा, सिवनी, टीकमगढ़, अनूपपुर अमरकंटक, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, शिवपुरी, दतिया, मैहर, रतलाम, नर्मदापुरम पचमढ़ी, हरदा, बैतूल, देवास में बिजली कड़कने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पर्वतीय राज्यों के मौसम का हाल
पर्वतीय राज्यों में उत्तराखंड के कई जिलों में रविवार को झमाझम बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक आज हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 31 जुलाई को राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक बारिश होने के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। हिमाचल प्रदेश के भी कई जिलों में 31 जुलाई तक बारिश की संभावना जताई गई है।