अल्मोड़ा/ जिले के चौखुटिया में एक गांव से बारात बिना दुल्हन के वापस लौटा दी गयी। बारात हल्द्वानी से चौखुटिया पहुंची थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शादी के रीति रिवाज चल रहे थे इसी बीच दूल्हे की अचानक तबीयत खराब गई। दुल्हा दौरा पड़ने से जमीन पर गिर गया और बारातियों ने किसी तरह दूल्हे को संभाला।
वहीं कुछ देर तक स्थिति सामान्य होने के बाद दूल्हे को फिर चक्कर आने लगे तो दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इन्कार कर दिया। ऐसे में बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को चौखुटिया के एक गांव में हल्द्वानी से बारात पहुंची। विवाह की शुरुआती रस्म पूरी हो गई और जयमाला के लिए दूल्हा मंच पर चढ़ा। इसी बीच उसके शरीर में कंपन होने लगी और वह जमीन पर गिर गया। जिस के चलते विवाह समारोह में अफरातफरी मच गई।
दूल्हे के मुंह से झाग निकल रहा था और आंशिक रूप से उसकी जीभ भी कट गई। स्थानीय फार्मासिस्ट को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने परीक्षण किया और बीपी बढ़ने की बात कही। ऐसे में जयमाला कार्यक्रम रोक दिया गया। इससे दोनों पक्षों में मायूसी छा गई।
वहीं इस दौरान रविवार सुबह फिर दूल्हे को दो बार मिर्गी जैसे दौरे आ गए। ऐसे हालात में दुल्हन पक्ष ने लड़की विदा करने से साफ इन्कार कर दिया। आपसी सहमति के बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।