देहरादून/ राजपुर थानाध्यक्ष शेंकी कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में वह मंगलवार देर रात नशे में धुत्त हालत में दिखाई दे रहा हैं। आरोप है कि उन्होंने नशे की हालत में कार चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मारी जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कई गाड़ियों को मारी टक्कर लोगों ने जताया विरोध
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थानाध्यक्ष ने शराब के नशे में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मारी।
इस घटना के बाद लोग भारी आक्रोश में आ गए और मौके पर हंगामा किया। जब कुछ पुलिसकर्मी थानाध्यक्ष को बचाने वहां पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उन पर भी नाराज़गी जताई।
एसएसपी ने दिखाए सख्त तेवर
जैसे ही घटना का वीडियो वायरल हुआ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और थानाध्यक्ष शेंकी कुमार को निलंबित कर दिया।
देर रात उन्हें मेडिकल जांच के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
मुकदमा दर्ज जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह ने राजपुर थाने में ही आरोपी थानाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। साथ ही प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश भी जारी किए।
एसएसपी ने एसपी सिटी देहरादून को पूरे मामले की गहन जांच करने मेडिकल रिपोर्ट सीसीटीवी फुटेज और वीडियोग्राफी सहित सभी सबूत सुरक्षित करने के निर्देश दिए।
नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति
घटना के बाद उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल को नए थानाध्यक्ष राजपुर के रूप में नियुक्त किया गया है। एसएसपी ने साफ कहा कि जो भी पुलिसकर्मी इस मामले में संलिप्त पाए जाएंगे उनके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।