अल्मोड़ा/ अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मोटरमार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां झांकरसैम के समीप एक मोड़ पर वाहन चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा समाया जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया ।
झांकरसैम मोड़ पर बिगड़ा संतुलन वाहन समाया खाई में
हादसा रविवार अपराह्न लगभग 2 बजे हुआ जब छोटा हाथी (वाहन संख्या UP 14QT 8045) अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा था।
झांकरसैम के नजदीक वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधा खाई में जा समाया।
पुलिस ने खाई से दोनों को निकाला बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही दन्या थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को खाई से निकालकर सीएचसी धौलादेवी पहुंचाया ।
ड्राइवर की मौके पर मौत साथी गंभीर रूप से घायल
डॉक्टरों ने जांच के बाद वाहन चालक अमित कुमार उम्र 32 वर्ष पुत्र युद्धवीर सिंह, निवासी ग्राम समाना, थाना कपूरपुर, जिला हापुड़ को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरा व्यक्ति सोनू उर्फ सतेंद्र कुमार उम्र 40 वर्ष पुत्र सतपाल सिंह, निवासी अतरौली थाना भोजपुर गाजियाबाद घायल है और उसका ईलाज जारी है।
हादसे की सूचना परिजनों को दी गई
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी थी। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई । अब हादसे की जांच की जा रही है।
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहा है सड़क हादसों का खतरा
यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। तेज मोड़ संकरी सड़कें और अनियंत्रित वाहन आए दिन जानलेवा साबित हो रहे हैं।