पिथौरागढ़/बागेश्वर/ उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए CBI ने बुधवार को पिथौरागढ़ के नाचनी डाकघर में तैनात डाक निरीक्षक शशांक सिंह राठौर को 15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब राठौर, एक ग्रामीण दुकानदार से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की सब्सिडी दिलवाने के एवज में रिश्वत ले रहा था। गिरफ्तार किए गए डाक निरीक्षक ने बागेश्वर ज़िले के खेती गांव निवासी दुकानदार सुरेश चंद से रुपए 2.10 लाख की सब्सिडी पास कराने के बदले 21,000 की मांग की थी। सुरेश चंद ने वर्ष 2020 में PMEGP योजना के अंतर्गत 6 लाख का लोन लिया था जिसके तहत उसे सब्सिडी की पात्रता थी। बाद में सौदेबाज़ी कर 15,000 पर समझौता हुआ।
सीबीआई को मिली शिकायत के आधार पर एक ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और राठौर को बुधवार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों दबोच लिया। शुरुआती जांच में डाकघर के पोस्ट मास्टर व अन्य कर्मचारियों की कोई संलिप्तता नहीं पाई गई है। आरोपी को गुरुवार को स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा मामले में आगे की जांच जारी है।