जखोली/ जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खंड विकास कार्यालय के सभागार में तहसील दिवस एवं जन समर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमे कुल 54 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराई। अधिकांश शिकायतें सड़क, पेयजल, सिंचाई और जंगली जानवरों के आतंक जैसे बुनियादी मुद्दों से जुड़ी रही। में जाखणी-टेंडवाल मोटर मार्ग पर पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। इसमें जिलाधिकारी को दी लिखित शिकायत में बताया कि उक्त मोटर मार्ग वर्ष 2014 से स्वीकृत है जिसमें कि 1 किलोमीटर मोटर मार्ग पीडब्ल्यूडी द्वारा काट दिया गया है शेष स्वीकृत 6.30 किलोमीटर मोटर मार्ग पीएमजीएसवार्ड के अधीन है। इसमें विभाग द्वारा 4 किलोमीटर मोटर मार्ग पर मार्किंग पिलर लगा दिए गए हैं जिनको की एक वर्ष पूरा होने को है परन्तु विभाग ने आगे की कार्रवाई नहीं की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला अधिकारी विशाल मिश्रा ने पीएमजीएसवाई के जेई उत्तम नेगी को लापरवाही बरतने के आरोप में फटकार लगाते हुए निलंबन के आदेश जारी कर सभागार से बाहर भेज दिया और विभाग के अधिशासी अभियंता पवन कुमार को संबंधित मोटर मार्ग को लेकर अति शीघ्र आगे की कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।ग्राम प्रधान मयाली हरीश पुण्डीर द्वारा मयाली मोटर मार्ग पर निर्माण न होने राज्य आंदोलनकारी सुरेन्द्र सकलानी ने मयाली बाजार स्थित सफाई कर्मचारी को मार्च 2025 से मानदेय न मिलने और अन्य स्थानीय मुद्दों को गंभीरता से उठाया। सामाजिक कार्यकर्ता गिरीश नेगी द्वारा मयाली स्थित शौचालय में पानी न होने की शिकायत दर्ज कराई गई।
पूर्व कनिष्ठ प्रमुख शांतिलाल शाह और ग्रामीण शंकर सिंह पंवार ने जिला अधिकारी को बताया कि ग्राम पंचायत कुन्याली के कटमोडा नाम की तोक में 11000 वोल्टेज की हैवी विद्युत लाइन बस्ती से गुजर रही है इस लाइन के गुजरने से कई लोग पूर्व में भी विद्युत लाइन की चपेट में आने से अपनी जान गंवा चुके हैं। ग्रामीण शंकर सिंह पवांर ने बताया कि इस लाइन के इर्द-गिर्द छह परिवार हैं जो कि बिजली के खतरे के साए में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने विद्युत विभाग से तत्कालीन हाई टेंशन लाइन को अन्य जगह शिफ्ट करने की मांग की है। पूर्व ग्राम प्रधान जखोली विजेंद्र मेवाड़ ने बताया कि 90 वर्षीय अमरादई का अंतोदय राशन जून 2000 से बंद है। जिला अधिकारी विशाल मिश्रा ने मौके पर ही अधिकांश शिकायतों का निस्तारण किया है।
खंड विकास कार्यालय परिसर में पंचायती राज विभाग कृषि विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, बाल विकास विभाग, सैनिक कल्याण विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग सहित अन्य विभागों के स्टाल लगे थे।इस मौके पर उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत प्रमुख विनीता चमोली, आदि मौजूद रहे।