पौड़ी/ उत्तराखंड से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां पारिवारिक जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोमवार रात एक युवक ने आपा खोते हुए अपने ताऊ और ताई पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में ताई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि ताऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गम्भीर बनी हुई है।
यह घटना कोटद्वार के एक मोहल्ले की है जहां लंबे वक्त से जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार रात किसी बात को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि युवक ने गुस्से में आकर ताऊ ताई पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने खुद ही 108 एंबुलेंस को कॉल करके घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को फौरन हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं घायल ताऊ का अस्पताल में उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जमीन को लेकर विवाद पहले भी कई बार सामने आ चुका था लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह विवाद हिंसा तक पहुंच जाएगा।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद ही हमले की वजह के तौर पर सामने आया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है।