टिहरी, ऋषिकेश/ टिहरी गढ़वाल जिले से शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां भद्रकाली-ढालवाला मार्ग पर एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बीच सड़क किनारे से गुजर रहे स्कूटी सवार दो लोग भी बस की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
बस में लगभग 50 से 55 यात्री सवार बताए जा रहे हैं जो दिल्ली के रहने वाले थे।
नीलकंठ दर्शन कर लौट रहे थे यात्री
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में सवार सभी यात्री ऋषिकेश के नीलकंठ महादेव मंदिर से दर्शन करके वापस लौट रहे थे। शुक्रवार, 28 अगस्त की देर शाम जब बस ढालवाला के समीप पहुंची तभी चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह अचानक ब्रेक फेल होना बताई जा रहा है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
बस की चपेट में आए स्कूटी सवार अस्पताल में मौत
बस के पलटने के दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे स्कूटी सवार दो लोग इसकी चपेट में आ गए।
दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया परन्तु उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
बस में सवार कई यात्री भी घायल
हादसे में बस में सवार कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भेजा गया जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस बल भी घटनास्थल पर मौजूद रहा और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया।
पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल बस का नंबर RJ 18 PB 1409 है। बस 60 सीटर बताई गई है। चालक के अनुसार ढालवाला के समीप अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए जिसके बाद बस बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। इसी बीच सड़क किनारे जा रहे दो स्कूटी सवार भी बस की चपेट में आ गए। पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और बस में सवार यात्रियों की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
One thought on “उत्तराखंड में यहां यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी सड़क पर बस की चपेट में आए 2 स्कूटी सवारों की हुई मौत।”