बागेश्वर/ बागेश्वर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ रही है यहां बैजनाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रणकुड़ी गांव में एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के चलते शराब के नशे में अपने पड़ोसी के घर में घुसकर सिलेंडर खोलकर आग लगा दी। इस घटना में 11 लोग बुरी तरह झुलस गए सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बागेश्वर में भर्ती किया गया। जहां से 6 लोगों को गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात गरुड़ में ग्राम रणकुड़ी राजस्व क्षेत्र नौगांव निवासी कुंदन नाम का व्यक्ति शराब पीकर हल्ला गुल्ला, गाली गलौज करते हुए जा रहा था। जिसके द्वारा नारायण गिरी के पुत्र जीवन गिरी के साथ मारपीट की गई इस बात पर नारायण गिरी और उसके परिवार द्वारा कुंदन को अपने घर के नीचे वाले कमरे में बंद कर दिया।
बताया जा रहा है जिसके बाद आरोपी ने अंदर से कुंडा लगाकर खुद को बंद कर लिया था और बंद कमरे के अंदर आरोपी ने अचानक गैस का रेगुलेटर खोल दिया थोड़ी देर बाद जब कुंदन और नारायण गिरी के परिजनों ने आकर दरवाजे को खोलने का प्रयास किया तो कमरे में उसके द्वारा आग लगा दी गई। जिसमें दोनों के परिजन झुलस गए । जिसके बाद उन्हें बचाने की कोशिश में आए अन्य लोग भी आग की चपेट में आने से झुलस गए। सूचना मिलते ही तत्काल राजस्व विभाग, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची जहा घायलो को आनन फानन में 108 एम्बुलेंस एवं टैक्सी के माध्यम से सीएससी बैजनाथ लाया गया। जहां घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ डॉ नरेन्द्र कीर्ति द्वारा बताया गया कि बर्न का मामला आया है जिसमें 11 लोग झुलस गए हैं जिसमें से 5 लोगों 50 प्रतिशत और 6 लोग 30 से 40 प्रतिशत जले हुए हैं सभी लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
घायलों में भगवती देवी पत्नी मदन नाथ उम्र 65 वर्ष, कुंदन नाथ पुत्र मदन नाथ उम्र 33 वर्ष, मंगल गिरी पुत्र पुष्पा देवी उम्र 19 वर्ष, बीना देवी पत्नी कुंदन नाथ उम्र 25 वर्ष, जगदीश नाथ पुत्र शंकर नाथ उम्र 22 वर्ष, कलावती देवी पत्नी शंकर नाथ उम्र 55, जीवन गिरी पुत्र नारायण गिरी उम्र 22, विनोद गिरी पुत्र नारायण गिरी उम्र 21, चंपा देवी पुत्री नारायण गिरी उम्र 24, मुन्नी देवी पत्नी नारायण गिरी उम्र 42, मुकेश गिरी पुत्र हरीश गिरी उम्र 14 वर्ष घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बैजनाथ प्रताप
नगरकोटी भी दल बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
बैजनाथ पहुंचे और उनके द्वारा घायलों को उपचार के दौरान मदद की। वही राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन सिंह मेहता द्वारा बताया कि घटना में किसी भी प्रकार की कोई लिखित शिकायत नहीं है। मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि क्या कारण रहा। वहीं समाज सेवी सुनील दोसाद, चंदन बोरा को घटना की खबर लगते ही देर रात अपने घर अंणा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचे और घायलों की मदद कर उनके साथ बागेश्वर जिला हॉस्पिटल तक गए और घायलों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इधर जिला अस्पताल से प्राप्त जानकारी के आधार पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ एसपी त्रिपाठी ने बताया कि सभी झुलसे मरीजों का जिला अस्पताल में इलाज हेतु लाने के बाद छह घायलों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया जा चुका है। अन्य चार घायलों का जिला अस्पताल का इलाज चल रहा है। जबकि एक घायल का सीएचसी बैजनाथ में इलाज चल रहा है।