चम्पावत/टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुलदार की दहशत एक बार फिर बढ़ गई है। 4 जुलाई की शाम टनकपुर से 12 किलोमीटर दूर आठवें मील के समीप गुलदार ने बाइक सवार एक युवक पर हमला बोल दिया। घात लगाकर किए गए इस वार से बाइक सवार घायल हो गया।
उसे आननफानन में टनकपुर अस्पताल पहुंचाया गया। इस वारदात के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही करने वाले लोग दहशत में है।टनकपुर के वार्ड नंबर पांच निवासी नितिन सिंह उम्र 30 वर्ष बृहस्पतिवार शाम सूखीढांग से बाइक में अपने घर जा रहा था। आठवें मील के समीप घात लगा कर बैठे गुलदार ने बाइक सवार पर हमला कर दिया। गुलदार का पंजा युवक के गले में लगा। सिर में हेलमेट होने से युवक की जान बच गई। बताते है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अन्य वाहनों की आवाजाही होने से गुलदार हमला करने के बाद भाग गया।
पीछे से आ रहे साथियों ने युवक को उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया। युवक के गर्दन में चार टांके लगे हैं। बूम रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने बताया कि आठवें मील के समीप गुलदार ने बाइक सवार पर लगभग 3 महीने बाद फिर से हमाला किया है।
घटना की जानकारी डीएफओ को दे दी गई है। वर्ष 2023 से अब तक सूखीढांग और आठवें मील के आसपास ही गुलदार 24 दोपहिया वाहन चालकों पर हमला कर चुका है। हालिया घटना के बाद फिर से लोगों में दशहत पैदा हो गई है। ग्रामीणों ने गुलदार से बचाव के प्रबंध करने का वन विभाग और प्रशासन से आग्रह किया है।