पौड़ी/ श्रीनगर गढ़वाल में अलग-अलग छात्रहितों से जुड़ी मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने सोमवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद आक्रोशित छात्र कुलसचिव कार्यालय पहुंच गए जहां उनकी विश्वविद्यालय अधिकारियों के साथ तीखी बहस हो गई। स्थिति उस वक्त और तनावपूर्ण हो गई जब छात्रों ने कुलसचिव अनीस उज जमान मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार समेत अन्य अधिकारियों को कुलसचिव कार्यालय में ही बंधक बना लिया।
फिलहाल एबीवीपी के कुछ छात्र कार्यालय के अंदर अधिकारियों के साथ मौजूद हैं और मांगों को लेकर वार्ता चल रही है। वहीं बाहर विवि अधिकारियों के साथ पुलिस फोर्स मौजूद है। छात्रों की प्रमुख मांगों में पीएचडी प्रवेश में नेट की अनिवार्यता समाप्त कर अलग से पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित करना एमएससी कम्प्यूटर साइंस पाठ्यक्रम को संचालित करना। और एनसीसी और एनएसएस के छात्रों को मिलने वाले दो क्रेडिट को रिजल्ट में शामिल करना शामिल है।
इसके अलावा शिक्षकों और छात्रों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने की मांग भी उठाई गई। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव मोहन नेगी ने कहा कि पीएचडी का सत्र पहले ही एक साल पीछे चल रहा है ऐसे में इस बार पीएचडी प्रवेश परीक्षा में इस बार की स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के छात्रों को भी पीएचडी प्रवेश परीक्षा में शामिल किया जाए। साथ ही एलएलबी व बीएड में विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के बाद रिक्त सीटों के बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश हो। छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट ने बताया कि इन मांगों को लेकर छात्र लंबे वक्त से विश्वविद्यालय प्रशासन से लगातार अनुरोध कर रहे हैं परन्तु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो छात्र आंदोलन को और तेज करेंगे।