देहरादून/ जिले से इस वक़्त एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है जहां पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा समाई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कार में चार लोग सवार थे जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। खाई बहुत दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू अभियान में पुलिस प्रशासन व एसडीआरएफ को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक देहरादून के मसूरी कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक दिल्ली नंबर की मारुति सिलेरियो कार (DL5CS4610) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा समाई। बताया जा रहा है कार में 4 लोग सवार थे जिन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन व एसडीआरएफ तथा 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर रवाना हुई है।
पुलिस प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है परन्तु उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक एक महिला का शव खाई से बाहर निकाल लिया गया है। हादसे की वजह तीव्र ढलान पर कार के अचानक ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। खाई की गहराई अधिक होने के कारण एसडीआरएफ की टीम रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चला रही है। कार में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत मनीत उम्र 19 वर्ष सविता पत्नी धर्मवीर निवासी 322 ए नेहरू नगर, गाजियाबाद उम्र 48 वर्ष और संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग दिल्ली उम्र 46 वर्ष सवार थे। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी यूपी, दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं जो घूमने के लिए आए थे।