चम्पावत के शिक्षक के लिए नई कार बनी यमराज, हल्द्वानी से कार खरीद कर घर लौटते वक्त रास्ते में हुई दो कारों की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़त 2 लोगों की मौत।
चम्पावत के शिक्षक के लिए नई कार बनी यमराज, हल्द्वानी से कार खरीद कर घर लौटते वक्त रास्ते में हुई दो कारों की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़त 2 लोगों की मौत।
चम्पावत/ उत्तराखंड के चंपावत निवासी शिक्षक संजय पांडे के लिए नई कार खरीदने की खुशी मातम में बदल गई। मंगलवार देर रात नानकमत्ता में दिल दहला देने वाली दुर्घटना हुई यहां राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो कारों की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक चंपावत के माडली निवासी 41 वर्षीय संजय पांडे पुत्र भुवन पांडे जीआईसी बालातड़ी में शिक्षक के पद पर तैनात थे।
बताया जा रहा है कि वे अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने हल्द्वानी गए थे। देर रात नई कार लेकर लौटते वक्त नानकमत्ता राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार से उनकी कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में शिक्षक संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके साथी चंद्रप्रकाश जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी कार में सवार दीपान्त सिंघल उम्र 24 वर्ष पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी आवास विकास कॉलोनी किच्छा की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया गया। हादसे में घायल मनप्रीत सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी किच्छा और चंद्रप्रकाश जोशी का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार रात लगभग 10:30 बजे हुआ। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए खटीमा मोर्चरी भेज दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। शिक्षक संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। वह क्षेत्र में भजन गायकी के लिए भी काफी प्रसिद्ध थे। उनके निधन की खबर से चंपावत क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।