हल्द्वानी/ यहां गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार शाम बेखौफ बदमाशों ने एक पुरानी कारों की बिक्री से जुड़े दफ्तर में चल रहे जुए के अड्डे पर अचानक धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी, सोने की चेनें और अंगूठियां लूट लीं। बदमाश असलहों के बल पर वहां मौजूद कारोबारियों व प्रॉपर्टी डीलरों को कब्जे में लेकर और जान से मारने की धमकी देते हुए दो लग्जरी वाहनों से फरार हो गए।
दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
कार बिक्री के दफ्तर में चल रहा था जुआ स्कॉर्पियो और कार से पहुंचे थे हथियारबंद लुटेरे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोरापड़ाव क्षेत्र में कुछ महीने पहले खुले एक पुरानी कारों की खरीद-बिक्री के ऑफिस में बुधवार शाम लगभग दस लोग एकत्र होकर ताश (जुआ) खेल रहे थे।
रात लगभग 7:30 बजे स्कॉर्पियो और एक सफेद रंग की अन्य कार में सवार होकर 8 से 10 हथियारबंद बदमाश अचानक दफ्तर में घुसे। बदमाशों ने तुरंत असलहे निकाल लिए और अंदर मौजूद लोगों को गनपॉइंट पर लेकर घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने फड़ पर पड़ा सारा कैश लोगों की जेबों में रखे रुपये तथा उनके गले से सोने की चेनें व अंगुलियों से अंगूठियां उतरवा लीं।
एसपी सिटी व सीओ ने संभाला मोर्चा।
सीसीटीवी फुटेज से मिला गाड़ियों का सुराग घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ और कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से घटना की पूरी जानकारी ली। क्षेत्र के सभी थानों को तत्काल अलर्ट पर रखा गया है और मुख्य मार्गों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जांच के दौरान एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बदमाशों द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहनों का महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है।
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज तलाश में जुटीं पुलिस की कई टीमें
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज और मिले सुरागों के आधार पर बदमाशों को जल्द ही पुलिस हिरासत में ले लिया जाएगा।