देहरादून/ उत्तराखंड में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने सोमवार 27 जुलाई 2026 के लिए राज्य के 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही कई जिलों में येलो अलर्ट भी लागू है। मौसम विभाग के मुताबिक पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, उधमसिंह नगर और देहरादून में आज भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी, चमोली और नैनीताल में तेज बौछारों के साथ बिजली चमकने का येलो अलर्ट है। बाकी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
राज्य भर में आज 80% बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान 24°C से 28°C और मैदानी क्षेत्रों में 28°C से 33°C के बीच रहेगा। हवा की रफ्तार 9 से 10 किमी प्रति घंटा और नमी 95% तक पहुंच सकती है। विभाग का कहना है कि देहरादून और बागेश्वर में गरज-चमक के साथ अति तीव्र बारिश हो सकती है। भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से मध्यम भूस्खलन, चट्टान गिरना, राजमार्ग अवरुद्ध होना, नदी-नालों में उफान और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। पहले से ही लगातार बारिश के कारण राज्य में 150 से अधिक सड़कें बंद हैं। सुरक्षा के लिहाज से चारधाम यात्रा को भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई से 2 अगस्त तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहेगा। खासकर 30 जुलाई से 5 अगस्त के बीच कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।