उत्तराखंड में यहां आकाशीय बिजली पशुपालकों पर कहर बनकर गिरी 150 से अधिक भेड़ बकरियों की हुई मौत।

न्यूज 13 प्रतिनिधि उत्तरकाशी

पुरोला/ मोरी विकासखंड के फतेपर्वत क्षेत्र स्थित चांगसील बुग्याल में आकाशीय बिजली गिरने से 150 से ज्यादा भेड़-बकरियों की मौत हो गई। इस हादसे से क्षेत्र के 8 से 10 पशुपालक परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। स्थानीय निवासियो के मुताबिक मंगलवार देर रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरी। बुधवार सुबह जब पशुपालक अपने भेड़ों के पास पहुंचे तो बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां मरी हुई पड़ी मिलीं।

यह भी पढ़ें 👉 जानिए नए लेबर कोड के लागू होने पर क्या-क्या नियम बदल जाएंगे 7 तारीख तक सैलरी देना होगा अनिवार्य नौकरी छोड़ने पर 2 दिन में करना होगा हिसाब।

उन्होंने बताया कि हादसे में गुरुदेव पुत्र मेबर सिंह, गुड्डू सिंह पुत्र मातवर सिंह, ताली राम पुत्र फते सिंह, वीरभद्र पुत्र किशन सिंह सहित अन्य पशुपालकों की कुल 150 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृत पशुओं की संख्या बढ़ भी सकती है। ग्रामीणों के मुताबिक इन दिनों फतेपर्वत क्षेत्र के पशुपालक अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए चांगसील बुग्याल ले जाते हैं। पशुपालन ही इन परिवारों की आय का प्रमुख स्रोत है ऐसे में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉 सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में जंगल में बकरी चरा रहा व्यक्ति आया आकाशीय बिजली की चपेट में मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत।

पीड़ित पशुपालकों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है ताकि वे इस आपदा से उबर पाए। उधर मोरी के नायब तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने कहा चांगसील क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों की मौत की सूचना मिली है। राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है जो नुकसान का सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *