दिल्ली सहित 24 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट जारी केरल पहुंचा मानसून।

न्यूज़ 13 प्रतिनिधि देहरादून

देहरादून/ देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल पहुंच चुका है और इसके साथ ही कई राज्यों में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली सहित 24 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है। आमतौर पर मॉनसून 1 जून तक केरल पहुंच जाता है परन्तु इस बार इसके 26 मई को पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। हालांकि मॉनसून तय वक्त से लगभग 9 दिन देरी से केरल पहुंचा है। इसके बाद अगले डेढ़ महीने में इसके समूचे देश में फैलने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। केरल के कई हिस्सों में पहले से ही तेज बारिश दर्ज की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉रुद्रप्रयाग, नरकोटा के समीप आर्मी के ट्रक और कार के बीच हुई जबरदस्त भिंड़त 5 लोग हुए घायल।

इसी को देखते हुए अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट का अर्थ है कि इन क्षेत्रों में 11 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा अंडमान-निकोबार, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और कर्नाटक में भी शनिवार तक तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। आंध्र प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

24 राज्यों के लिए बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सहित कई राज्यों में प्री-मिॉनसून गतिविधियां सक्रिय हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि क्यूम्युलोनिम्बस (CB) बादलों के कारण 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश हो सकती है। यही बादल आंधी, बिजली और तेज तूफानों के लिए जिम्मेदार माने जाते हैं।

आईएमडी ने ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और तेलंगाना सहित 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है जबकि दिल्ली के लिए अगले दो दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉थराली में कागजों में बन गई सड़क धरातल पर काम अधूरा 16 करोड़ के भुगतान पर उठे सवाल।

राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।

कई राज्यों में बारिश, फिर भी गर्मी का असर बरकरार

मौसम में बदलाव के बावजूद गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कई हिस्सों में तापमान अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। इससे लोगों को गर्मी से पूरी राहत नहीं मिल पा रही है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ क्षेत्रों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने जिन क्षेत्रों में आंधी, बिजली और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है वहां लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *