देहरादून/ उत्तराखंड में मौसम के शुष्क बने रहने से सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक चटख धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। सोमवार को राजधानी देहरादून में इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया जिससे दूनवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को भी राहत के आसार नहीं हैं पारा और ऊपर जा सकता है।
मैदानों में 40 डिग्री के लगभग पहुंचा तापमान
राज्य के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में पारा 39 डिग्री सेल्सियस को पार करके 40 डिग्री के लगभग पहुंच गया है।
रुड़की, काशीपुर और खटीमा जैसे शहरों में चिलचिलाती धूप अग्निपरीक्षा ले रही है। दोपहर के वक्त गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। देहरादून में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.9°C रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से काफी ज्यादा है।
पहाड़ों की रानी की वादियों में भी पसीने छुड़ा रही धूप
हैरानी की बात यह है कि ठंडी हवाओं के लिए मशहूर मसूरी में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मसूरी का अधिकतम तापमान 30°C के लगभग पहुंच गया है जो सामान्य से 7°C अधिक है। यहां घूमने आ रहे पर्यटकों को दिन के वक्त चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ रहा है
हालांकि सुबह और शाम के वक्त हल्की हवाएं कुछ राहत जरूर दे रही हैं।
कल से पहाड़ों में बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 1 से 3 डिग्री की और वृद्धि हो सकती है। हालांकि बुधवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जैसे पहाड़ी जिलों में आंशिक बादल छाने,
गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और अंधड़ चलने की संभावना है।
सेहत का रखें ख्याल
डॉक्टरों ने बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए लोगों को अधिक मात्रा में तरल पदार्थ लेने और दोपहर 12 से 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। पारे में अचानक उछाल आने से डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है।