भवाली/ कैंचीधाम के पास एक कार के खाई में गिरने से चार लोग घायल हो गए जबकि एक कि मौत हो गई। रात के अंधेरे में एसडीआरएफ के साथ पुलिस टीम ने रैस्क्यू अभियान चलाकर सभी को खाई से बाहर निकाला। नैनीताल जिले में कैंचींधाम के पास निगलाट गांव में एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा समाई।
गुरुवार मध्यरात्रि को आपदा कंट्रोल रूम में दुर्घटना की सूचना आने के बाद एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन संख्या UP25EJ4586 में बरेली निवासी पांच लोग सवार थे। टीम ने त्वरित रैस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
रैस्क्यू के दौरान टीम ने पुलिस के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए भवाली के सीएचसी सेंटर भेजा।
दुर्घटना में मृत संदीप शर्मा का शव खाई से निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भवाली पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक घायलों में 23 वर्षीय सनी, 29 वर्षीय अनुज तिवाड़ी, संचित और रवि को उपचार के लिए भेजा। कार को अनुज चला रहा था।