उत्तरकाशी/ जिले के तहसील डुंडा क्षेत्र से सोमवार सुबह बड़ी खबर सामने आई है। ग्राम चकोन स्थित महावीर गंगाडी के पीरूल प्लांट में आज सुबह-सुबह लगभग 3:30 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग पीरूल प्लांट में लगी जिससे प्लांट में रखी पीरूल सामग्री एक मशीन तथा पीरूल का पाउडर जलकर नष्ट हो गया। फायर सर्विस टीम की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई है जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।