देहरादून/ परिवहन विभाग ने अवैध वसूली के मामले में देहरादून आरटीओ में तैनात परिवहन उपनिरीक्षक शशिकांत तेंगोवाल को सस्पेंड कर दिया है। परिवहन मंत्री ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में मियांवाला क्षेत्र के एक परिवहन कारोबारी ने दरोगा पर अवैध वसूली का आरोप लगाया।
कारोबारी का कहना है कि उनकी चार गाड़ियां चलती हैं जिनके बदले दरोगा हर महीने आठ हजार रुपये वसूल रहा था। सोमवार को दरोगा वसूली के लिए आया तो वहां विवाद हो गया और उसे दुकान में ही बंधक बना लिया गया। वर्दी पहने दरोगा का दुकान में बंद होने का वीडियो वायरल होते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले की जांच एआरटीओ विकासनगर को सौंपी गई है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मामले में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। आरोप साबित हुए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोप है कि दरोगा हर माह गाड़ियों के हिसाब से अवैध वसूली करता है।