पिथौरागढ़/ उत्तराखंड में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे है खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में जहां सड़कें खतरनाक हैं। ताजा हादसा कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले में हुआ। रविवार को बंगापानी क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई जिसमें मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक दिल्ली नंबर की कार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए जा रही थी। जैसे ही कार उमरगड़ा के समीप पहुंची अचानक नियंत्रण खोकर खाई में जा समाई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन की टीम फौरन मौके पर पहुंची। घायलों को काफी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस और प्रशासन ने बताया कि हादसे में दो लोग मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान के लिए अभी जांच जारी है। यह हादसा पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा की संवेदनशील स्थिति को फिर से उजागर करता है। प्रशासन ने हादसे के बाद स्थानीय सड़क सुरक्षा उपायों को और कड़ा करने का संकेत दिया है।