हल्द्वानी/ सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी के निर्देश पर 08 एवं 09 सितम्बर को दो दिवसीय विशेष चैकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में 11 प्रवर्तन दलों ने अलग-अलग मार्गों व शहर क्षेत्रों में सघन चैकिंग की।
केन्द्रीय विद्यालय हल्द्वानी की एक स्कूल बस चालक सहित कुल 3 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए। सभी पर पुलिस ने कार्यवाही की है। चैकिंग अभियान हल्द्वानी शहर, नैनीताल, रुद्रपुर, कालाढूंगी, रामनगर व अन्य मार्गों पर संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (ई) जितेन्द्र, नवीन कुमार सिंह, रिषु तिवारी, परिवहन कर अधिकारी प्रमोद कर्नाटक समेत कई प्रवर्तन अधिकारियों ने किया।
परिवहन विभाग ने बताया कि इस प्रकार के विशेष चैकिंग अभियान आगे भी उधमसिंहनगर, काशीपुर, टनकपुर व रामनगर सहित अन्य स्थानों पर लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।