आपदा राहत कार्यों के लिए विभागों को उपलब्ध कराए गए उपकरण जनपद में आपदा राहत के लिए 49.50 लाख की धनराशि प्रभावितों को की गई वितरित।
चमोली/ जिलाधिकारी संदीप तिवारी के निर्देश पर जनपद में आपदा राहत कार्यों को सुगमता और त्वरित करने के लिए अग्निशमन विभाग, डीडीआरएफ और वन विभाग को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिसके लिए जिला प्रशासन की ओर से मानसून के दौरान राहत कार्यों की तैयारियों के तहत जनपद चमोली में आवश्यक उपकरण एवं राहत सामग्री विभागों को उलपब्ध कराई गई है। प्रशासन की ओर से अग्निशमन विभाग को 6, डीडीआरएफ को 8 और वन विभाग को 4 वुड कटर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही अन्य आवश्यक वस्तुएं भी प्रदान की गई हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बद्रीनाथ वन प्रभाग को 2, केदारनाथ वन प्रभाग को 1, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क को 1 और अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग को 1 वुड कटर प्रदान किए गए हैं। कहा कि उपकरण आपदा के दौरान मार्ग को सुचारु करने और राहत कार्यों में सहायक होंगे। साथ ही जनपद के आपदा प्रभावित परिवारों के लिए त्वरित राहत के लिए सभी तहसीलों को 300 तिरपाल उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी तहसीलों को आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त तिरपाल की आपूर्ति की जाएगी। साथ ही आपदा प्रभावित परिवारों को राशन किट भी वितरित की जा रही है।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि अब तक जनपद में आपदा से प्रभावित व्यक्तियों को अहेतुक सहायता, अनुग्रह सहायता, गृह अनुदान तथा कृषि भूमि व फसल की क्षतिपूर्ति के रूप में कुल 49.50 लाख की धनराशि वितरित की जा चुकी है। जिला प्रशासन की ओर से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित राहत व बचाव कार्य कर क्षति के प्रभाव को कम किया जा सके।