पिथौरागढ़/ पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में चाकू से गले में वार करके 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी नाबालिग नेपाल भागने की फिराक में काली नदी में कूदा गया। इसके बाद से आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस काली नदी के किनारे सर्च अभियान चला रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक धारचूला के छलमा छिलासों निवासी अनुज सिस्ताल उम्र 17 वर्ष पुत्र कुंदन सिस्ताल देहरादून में काम करता था। वह तीन दिन पहले ही धारचूला आया था और गर्व्याल खेड़ा स्थित अपनी बुआ के घर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह लगभग 10:45 बजे आरोपी युवक घर में आया और सब्जी काटने वाले चाकू से उसके गले में वार कर दिया।
घटना के वक्त अनुज की बुआ दुकान में गई हुई थी। चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग अनुज को अस्पताल ले गए। जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद हत्यारोपी नाबालिग भागकर काली नदी किनारे लगभग एक किमी दूर खोतिला पहुंच गया। यहां से उसने नेपाल भागने के फिराक में काली नदी में छलांग लगाई इसके बाद वह नजर नहीं आया। घटना के दो प्रत्यक्षदर्शी नाबालिगों ने बताया कि आरोपी ने नदी में छलांग लगाई परन्तु वह बाहर नहीं आया।
घटना की सूचना के बाद कोतवाल कुंवर सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस ने काली नदी किनारे सर्च अभियान चलाया परन्तु उसका कोई सुराग नहीं लगा। आरोपी चकमा देकर नेपाल न पहुंचे इसके लिए धारचूला पुलिस ने नेपाल पुलिस को भी मामले की जानकारी दी है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी ने अनुज को क्यों मारा पुलिस इसकी जांच कर रही है।